झांसी। जीएसटी विभाग के एडीशनल कमिश्नर ग्रेड-वन डी.के. सचान की अध्यक्षता में शुक्रवार को संवाद कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में मेडिकल एवं दवाइयों से जुड़े व्यापारियों तथा कर सलाहकारों के साथ सेक्टरवार संवाद हुआ। इस मौके पर झांसी व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष संतोष साहू एवं जिला केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने समस्याएं रखीं और जीएसटी संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु एक तीन सूत्रीय सुझाव पत्र सौंपा।
जिला केमिस्ट एसोसिएशन के महामंत्री नितिन मोदी ने बताया कि जीएसटी विभाग के समक्ष थोक दवा व्यापारियों को लंबे समय से आ रही व्यावहारिक समस्याओं के निराकरण हेतु तीन सुझाव रखे गए। इसमें एक्सपायरी एवं ब्रेकेज दवाओं पर जीएसटी रिफंड की व्यवस्था को सरल एवं प्रभावी बनाने, एक्सपायरी एवं ब्रेकेज स्टॉक के निस्तारण के लिए प्रमाणपत्र जारी करने और ई-वे बिल संबंधी व्यावहारिक समस्याओं का समाधान शामिल है। विशेष रूप से दवाओं के एक स्थान से दूसरे स्थान तक परिवहन के दौरान होने वाली अनावश्यक कार्रवाई से राहत प्रदान करते हुए व्यापारिक गतिविधियों को सरल एवं सुगम बनाया जाए।
इस मौके पर दवा व्यवसायी बृजेंद्र मोदी, विनय दरगढ़, राकेश अग्रवाल, नरेश विजयवर्गीय, अमरेंद्र जैन, अंकित अग्रवाल, सतीश जैन, रोहित अग्रवाल, पंकज जैन और सतीश गुप्ता उपस्थित रहे।