medical store director send to jail
झांसी। कोतवाली क्षेत्र स्थित मेडिकल स्टोर पर पांच गुना दामों पर मास्क बेचते पकड़े गए संचालक पर एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। जेल जाने के बाद विभाग दुकान का लाइसेंस निलंबित अथवा निरस्त किया जा सकता है।
बृहस्पतिवार को खंडेराव गेट पर स्थित मेडिकल स्टोर से 10 रुपये का थ्री लेयर मास्क 50 में बेचतेे हुए औषधि प्रशासन की टीम ने छापा मारकर मौके से दुकानदार प्रशांत गुप्ता को पकड़ा था। रात में ही दुकानदार को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया था। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने दुकानदार पर 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने के बाद जेल भेज दिया गया है। दुकान को मौके पर ही बंद करा दिया गया था।
औषधि प्रशासन विभाग की कार्रवाई के बाद मेडिकल स्टोर संचालकों पर हड़कंप मचा हुआ है। बताया गया है कि विभाग अब सीधी नजर मेडिकल स्टोरों पर बनाए हुए है। पता चला है कि कुछ और मेडिकल स्टोर से भी अधिक राशि वसूले जाने की शिकायतें आ रही हैं। विभाग इन पर भी शिकंजा कसने के मूड में है।