झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलज के सर्जरी विभाग में भर्ती जूनियर डॉक्टर की दूसरी जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। जबकि, इंदौर में जूनियर चिकित्सक के पद पर तैनात उनकी पत्नी की कोरोना की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
मेडिकल कॉलेज में सर्जरी विभाग के जूनियर डॉक्टर की पत्नी कोरोना पॉजिटिव मिली थीं, जो कि इंदौर मेडिकल कॉलेज में गायनी विभाग की जूनियर डॉक्टर हैं। बताया गया कि वह 19 से 24 मार्च तक अपने पति के साथ झांसी मेडिकल कॉलेज के 80 पीजी हॉस्टल में रहकर गई थीं। बाद में इंदौर में तबीयत खराब होने पर उनका सैंपल जांच के लिए भोपाल एम्स भेजा गया। जहां वह कोरोना पॉजिटिव मिलीं। इसके बाद उनके पति का सैंपल जांच के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जो कि निगेटिव आया। अब उनका दूसरा सैंपल भी निगेटिव आ गया है। बताया गया कि उनकी पत्नी का दूसरा सैंपल भी पॉजिटिव आया है।