झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में जांच से पूर्व मरीजों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। बिना किसी नियम के मरीजों से जांच लिखे पर्चे की फोटोकॉपी मांगी जा रही है।
गौरतलब है कि ओपीडी का पर्चा बनवाने के बाद चिकित्सक द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। इसके बाद जरूरत पड़ने पर पर्चे में उसकी जांचें लिखी जाती है। मरीज जब मेडिकल कॉलेज में स्थित संबंधित जांच केंद्र पर जाता है तब वहां उसकी पर्चे के आधार पर जांच की जाती है।
मौजूदा समय में इसी जांच के एवज में मरीजों को अनावश्यक तौर पर परेशान किया जा रहा है। मरीजों से पर्चे की फोटोकॉपी ली जा रही है। लंबी लाइन के बाद जब किसी मरीज की जांच का नंबर आता है, तब उसे फोटोकॉपी कराकर आने की जानकारी मिलती है।
इस पर वह कॉलेज परिसर के बाहर जाकर पहले फोटो कॉपी कराकर लाता है, फिर वह लाइन में दोबारा लगकर अपने नंबर आने का इंतजार करता है। चरचा है कि यह किसी फोटोकॉपी सेंटर से सेटिंग की वजह से हो रहा है।
वहीं, जब संबंध में सीएमएस डॉ. हरीशचंद्र आर्या से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जिन मरीजों की जांच मुफ्त या छूट के आधार पर होती है उसका रिकॉर्ड रखने के लिए फोटोकॉपी ली जाती है। लेकिन यदि बिना छूट वाले मरीजों से भी फोटोकॉपी ली जारही है तो इसकी जांच कराई जाएगी।