झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में प्रसव के बाद हुए लड़के को बदलकर लड़की सौंप देने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से शिकायत भी की है।
आवास विकास, सीपरी बाजार निवासी नंदकिशोर पुत्र शिवनाथ का कहना है कि प्रसव पीड़ा होने पर उसने पत्नी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। आरोप है कि बीते 21 दिसंबर को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे प्रसव बाद पुत्र पैदा हुआ था, लेकिन अस्पताल के कर्मचारियों ने मिलीभगत कर पुत्र की जगह उसे लड़की सौंप दी।
पीड़ित ने बच्चे के पैरों के निशान वाला दस्तावेज भी सबूत के तौर पर प्रस्तुत किया, जिसमें जीवित लड़का प्राप्त होने की बात लिखी हुई है और उस कागज में डॉक्टर के हस्ताक्षर भी हैं। नंदकिशोर ने इस मामले की शिकायत सीएमएस डॉ. हरिशचंद्र आर्या से करते हुए मामले की जांच कराकर पुत्र दिलवाने की मांग की है।
साथ ही दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सीएमएस का कहना है कि उन्होंने पूरी फाइल चेक की है, हर जगह पुत्री होने का जिक्र है। सिर्फ एक जगह गलती से लड़का होने की बात लिख गई है। यदि अभी भी कोई संदेह है तो डीएनए टेस्ट करा लेना चाहिए। इसके बाद असलियत सामने आ जाएगी।