झांसी। समथर के बैंक कर्मी मयंक गंधी को 40 लाख की फिरौती लेकर छोड़ने वाले अपहरणकर्ताओं की धरपकड़ के लिए पुलिस गुजरात के अहमदाबाद में जुटी है। पुलिस सूत्र बताते हैं कि अहमदाबाद के कुछ बदमाशों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
समथर के मोहल्ला चौपड़ बाजार निवासी मयंक गंधी सर्व यूपी ग्रामीण बैंक टहरौली में कैशियर हैं। 22 जुलाई को बाइक से बैंक जाते समय उनका अपहरण हुआ था। दूसरे दिन उनकी बाइक मोंठ के गांव बम्हरौली में खड़ी मिली थी। दो दिन बाद ही बदमाशों ने 40 लाख रुपये की फिरौती मांगी। पुलिस की कई टीमें अपहृत को छुड़ाने में जुटी थीं। 21 अगस्त को परिजनों ने 40 लाख रुपये अपहर्ताओं तक पहुंचाए। 22 अगस्त को अपहर्ताओं ने मयंक को ललितपुर में छोड़ दिया, जहां से पुलिस उसे लेकर आई।
पुलिस सूत्र बताते हैं कि विगत दिनों स्वॉट और समथर थाना पुलिस ने गुजरात के अहमदाबाद में अपहर्ताओं की तलाश में छापा मारा। पुलिस के पहुंचने से पहले ही बदमाश भाग निकले। इसके बाद पुलिस टीम ने अपहर्ताओं के कुछ साथियों को हिरासत में ले लिया और झांसी लेकर आई गई। अब पुलिस टीमें उनसे पूछताछ कर रही हैं। वहीं, समथर थानाध्यक्ष का कहना है कि वह गुजरात से लौट रहे हैं। पुलिस के छापा मारने से पहले ही बदमाश भाग गए।