संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। 29 दिसंबर से ट्रेनों का संचालन एक बार फिर से प्रभावित रहेगा। यदि आप दिल्ली की ओर यात्रा करने की योजना बना रहे हैं तो एक बार ट्रेनों के मार्ग और संचालन की जानकारी जरूर कर लें। रेलवे ने विकास कार्यों का हवाला देकर झांसी से आगरा कैंट और इटावा की ओर जाने वालीं ट्रेनों को अधिकतम 10 दिन के लिए निरस्त कर दिया है।
मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि 29 दिसंबर से सात जनवरी तक झांसी-आगरा-झांसी मेमू रद्द रहेगी। 29 दिसंबर से पांच जनवरी तक झांसी-आगरा-झांसी पैसेंजर निरस्त रहेगी। दो जनवरी से पांच जनवरी तक झांसी-इटावा-झांसी एक्सप्रेस रद्द रहेगी। इसके अलावा दो जनवरी को चलने वाली विशाखापत्तनम-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस बदले मार्ग से चलेगी। इसका ठहराव ललितपुर, झांसी, ग्वालियर, मुरैना, आगरा व राजा की मंडी पर नहीं होगा। एक जनवरी को कन्याकुमारी से चलकर हजरत निजामुद्दीन जाने वाली एक्सप्रेस झांसी और आगरा कैंट पर ठहराव नहीं लेगी। 31 दिसंबर से दो जनवरी तक बंगलौर से चलकर नई दिल्ली जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन झांसी, ग्वालियर और आगरा कैंट पर ठहराव नहीं लेगी। एक से तीन जनवरी को मद्रास से नई दिल्ली जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन झांसी स्टेशन पर ठहराव नहीं लेगी। दो जनवरी को बरौनी से चलकर ग्वालियर जाने वाली स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन कानपुर-इटावा-ग्वालियर होकर चलेगी। यह गाड़ी पुखरायां से झांसी के रास्ते नहीं चलेगी।
बॉक्स
झांसी नहीं आएगी बरौनी-ग्वालियर मेल
आंतरी और सिथौली रेल खंड में विकास कार्य के चलते एक जनवरी से तीन जनवरी तक ट्रेन नंबर 11124 बरौनी-ग्वालियर मेल को डायवर्ट किया गया है। यह गाड़ी कानपुर-इटावा-ग्वालियर के रास्ते चलेगी। ऐसे में जिन यात्रियों को पुखरायां, कालपी, उरई, एट, मोंठ, झांसी और दतिया के लिए यात्रा करनी है, वह इस ट्रेन से यात्रा नहीं कर पाएंगे।