हादसे में गंभीर रूप से झुलसी रंजना को चिकित्सकों ने झांसी रेफर कर दिया। घायलों में पप्पू ने बताया कि वह अपनी पत्नी मीरा के साथ खेत पर भैंसें चराने गया था, तभी अचानक बारिश होने लगी, जिससे वह खेत में एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया, जबकि पत्नी व दूसरे परिवारों के बच्चे और महिलाएं भी पास में ही एक आम के पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी अचानक तेज गरज के साथ बादलों से बिजली कड़कने की आवाज आई और वह बेसुध हो गया। उसे जिला अस्पताल लाने के दौरान रास्ते में होश आया।
इसी तरह तालबेहट क्षेत्र में बुधवार की सुबह तेज धूप के बाद दोपहर में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। बेमौसम बरसात होने लगी और छोटे- छोटे ओले भी गिरे। इसी दौरान गाज गिरने से तीन महिलाएं झुलस गईं। कुछ गांवों में तेज हवा के साथ पानी बरसा। ग्राम राजपुर के मजरा कोटरा में गाज गिरने से अपने घर में काम कर रही कृष्णा राजा (35) पत्नी रामसिंह और उनके यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आईं महरौनी के ग्राम खुरा निवासी केसू राजा (19) पुत्री सुम्मेर सिंह झुलस गई।
इसी तरह पूराकलां थाने के समीप रहने वाली ममता (30) पत्नी रूपनारायण वंशकार गाज की धमक के चलते छत की सीढ़ियों से गिरकर चोटिल हो गई। तीनों को उपचार के लिए सीएचसी तालबेहट लाया गया। उनका सीएचसी में उपचार चल रहा है। दूसरी ओर बरसात के बाद तेज धूप निकल आने से उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हो उठे।
ग्राम दैलवारा में गाज गिरने से दो बालिकाओं व एक महिला की मौत हो गई, जबकि इस हादसे में चार लोग झुलसे हैं, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। प्रशासन द्वारा मृतकों को प्रति व्यक्ति चार लाख रुपये की राहत राशि दी जाएगी।- राजेंद्र बहाहुर सिंह, तहसीलदार सदर।