दो बार सपा का कब्जा: सपा और बसपा के गठबंधन में ये सीट सपा के खाते में गई। सपा ने यहां से विधान परिषद के पूर्व सदस्य श्यामसुंदर सिंह को मैदान में उतारा है। जबकि, पूर्व सांसद और पिछले चुनाव में रिकॉर्ड 3.85 लाख वोट हासिल करने वाले डॉ. चंद्रपाल सिंह यादव का नाम भी प्रमुखता से चल रहा था। लेकिन, सपा ने पिछड़ों में सवर्ण माने जाने वाले यादव जाति के श्यामसुंदर पर भरोसा जताया। सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी श्यामसुंदर दो बार विधानपरिषद सदस्य रहे हैं। एक बार बबीना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं पर सफल नहीं हुए। रियल एस्टेट व्यवसाय से जुड़े हैं और कृषि भूमि भी है।
प्रचार में भी जाति देखकर उतार रहे
पार्टियां जातिगत वोटों की लामबंदी के लिए जी जान से जुटी हुई हैं। क्षेत्र में जिस जाति के वोटों का जहां ज्यादा दबदबा, वहां उसी जाति के नेताओं को प्रचार में उतारा जा रहा है। स्थानीय मुद्दे गौण हो चुके हैं।
यहां की सभी विस सीट भाजपा के कब्जे में झांसी-ललितपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत छह विधानसभा सीटें आती हैं। 2017 के चुनाव में इन सभी सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की। महरौनी विधायक मनोहर लाल पंथ प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री भी हैं।
मोदी और योगी आ चुके, प्रियंका का रोड शो आज
भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी आदि की सभाएं हो चुकी हैं। माहौल गरमाने के लिए 25 अप्रैल को कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी झांसी आएंगी। वे यहां रोड शो करेंगी। जबकि, 26 अप्रैल को अखिलेश यादव के आने का कार्यक्रम है।