झांसी की रानी लक्ष्मीबाई पर निर्मित ‘मर्णिकर्णिका’ फिल्म का करणी सेना का विरोध करेगी। इसके विरोध में 30 अक्तूबर को सखी के हनुमान मंदिर से मुक्ताकाशी मंच तक वाहन महारैली निकाली जाएगी।
बृहस्पतिवार को झांसी आए श्री राष्ट्रीय राजूपत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष वीर प्रताप सिंह ने मुक्ताकाशी मंच पर पत्रकारों से कहा कि फिल्म में झांसी रानी का संबंध एक अंग्रेज से दिखाया गया है, जिसका हम विरोध कर रहे हैं। 30 अक्तूबर को करणी सेना सखी के हनुमान मंदिर पर हवन का आयोजन करने के उपरांत वाहन महारैली निकालेगी। जिसका समापन मुक्ताकाशी मंच पर होगा।
महारैली में 15 से 20 हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे। यहां पर सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उनके आदेश पर आगे विरोध की रणनीति बनाई जाएगी। इस मौके पर नीति राजा, अजय सिंह, साकेंद्र, अरविंद सिंह सिसौदिया, विजय प्रताप सिंह बुंदेला, अभिषेक परिहार, लवकुश, बृजेंद्र सिंह, ध्रुव बुंदेला, अभय सिंह मौजूद रहे।