अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। एक कोच के पहिये में खराबी आने से बीती रात मालवा एक्सप्रेस वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर पौने तीन घंटे तक खड़ी रही। इससे नाराज यात्रियों ने हंगामा कर दिया। बाद में कोच बदलकर ट्रेन को कटरा के लिए रवाना किया गया।
गाड़ी संख्या 12919 मालवा एक्सप्रेस अंबेडकर नगर से वैष्णो देवी कटरा की ओर जा रही थी। शनिवार की रात 11:42 बजे ट्रेन झांसी स्टेशन पर पहुंची। यहां रेल कर्मचारियों की ओर से गाड़ी की रूटीन जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक स्लीपर कोच के पहिये का कंट्रोल आर्म टूटा हुआ पाया गया। इसी के सहारे पहिये पटरी पर टिके रहते हैं। सूचना पर सीडीओ राजीव अवस्थी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद कोच को बदलकर दूसरा कोच ट्रेन में लगाया गया। इस प्रक्रिया में तकरीबन पौने तीन घंटे लग गए।
ट्रेन खड़ी होने पर यात्री कोचों से बाहर आ गए। देर होने पर हंगामा करने लगे। रेल अधिकारियों ने समझा-बुझाकर उन्हें शांत किया। गाड़ी को रात 2.30 बजे वैष्णो देवी कटरा के लिए रवाना किया गया। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पहिये की खामी जांच में पकड़ी गई थी। कोच बदलने के बाद ट्रेन को रवाना कर दिया गया।
गतिमान के कोच का शीशा क्षतिग्रस्त
झांसी। दिल्ली से चलकर रविवार को झांसी की ओर आ रही गतिमान एक्सप्रेस के कोच सी-4 की एक खिड़की का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रेन के झांसी पहुंचने पर सफाईकर्मियों ने क्षतिग्रस्त शीशा देखा। इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। ब्यूरो