पूर्व केंद्रीय मंत्री बोलीं - इसलिए विपक्ष की ये दुर्दशा हो रही
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। महाकुंभ को लेकर विपक्ष के बयानों पर पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने कहा कि महाकुंभ में पूरे संसार का समागम होता है। ऐसे में महाकुंभ को लेकर गलत बयानबाजी करना, करोड़ों लोगों की आस्था का अपमान है। इसलिए विपक्ष की ये दुर्दशा हो रही है।
पानी वाली धर्मशाला के निकट प्राचीन गणेश मंदिर में रविवार को दर्शन करने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महाकुंभ अमृत की बेला है। लोग भगवान की भक्ति का अमृत प्राप्त करने के लिए महाकुंभ में शामिल होने जा रहे हैं। विपक्षी नेताओं को महाकुंभ के आमंत्रण संबंधी सवाल पर बोलीं कि करोड़ों लोग बिना आमंत्रण के महाकुंभ में स्नान करने आ रहे हैं। जो आस्था रखते हैं, उन्हें महाकुंभ में शामिल होना चाहिए। कड़ाके की ठंड में कई किलोमीटर की लाइन में लगकर जो लोग संगम में डुबकी लगाएंगे वे इतने बड़े लोग हैं कि उनके सामने राहुल, अखिलेश नहीं टिकते। एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समाज को समर्थवान बनाना चाहते हैं। इसलिए जनधन, उज्ज्वला योजना आदि शुरू की गई हैं।
केजरीवाल जिस कोख से निकले उसे अपमानित किया
उमा भारती ने कहा कि केजरीवाल अन्ना हजार के आंदोलन से निकले हैं। वह जिस कोख से निकले, उसको ही अपमानित कर दिया। दिल्ली के पूर्व सीएम कभी कहते थे कि लाल बत्ती नहीं लेंगे, एक कमरे के मकान में रहेंगे। आज सब कुछ जनता के सामने है।