अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शहर कांग्रेस कमेटी कार्यालय में शनिवार को प्रदेश महासचिव और झांसी लोकसभा के पर्यवेक्षक अभिमन्यु सिंह ने चुनाव तैयारियों को लेकर चर्चा की और प्रत्याशी चयन को लेकर कार्यकर्ताओं से राय ली। पार्टी नेताओं ने कहा कि जनता के सर्वे में जो बेहतर आए, उसे ही प्रत्याशी बनाना चाहिए।
बैठक में पर्यवेक्षक ने जिताऊ प्रत्याशी के भी नाम मांगे। बताया कि पर्यवेक्षक को पार्टी नेताओं की तरफ से दो-तीन नाम भी बताए गए हैं, जो अच्छी तरह से आगामी लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। वहीं, पर्यवेक्षक ने कहा कि देश का लोकतंत्र और संविधान बचाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता आगामी चुनाव की तैयारियों में एकजुट होकर जी जान से जुट जाएं। देश का युवा, किसान, नारी और मजदूर कांग्रेस को आशा भरी नजरों से देख रहे हैं। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह अपना-अपना बूथ मजबूत बनाने का काम करें। बैठक में पूर्व राष्ट्रीय सचिव डॉ. सुधांशु त्रिपाठी, मनीराम कुशवाहा, विजय भारद्वाज, दीपक शिवहरे, इम्तियाज हुसैन, राजेंद्र यादव, नीता अग्रवाल, देवी सिंह कुशवाहा ने भी संबोधित किया। संचालन राजपाल सिंह बुंदेला ने किया। आभार अमीर चंद आर्य ने जताया। इस दौरान जिलाध्यक्ष भगवान दास कोरी, ललितपुर जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत, सरला भदौरिया, भरत राय, राजेंद्र बुंदेला, अनुज दांगी, अशोक कंसौरिया, सचिन श्रीवास, नीरज कुशवाहा, प्रशांत वर्मा, शैलेंद्र वर्मा मौजूद रहे।