झांसी। यूपी बोर्ड परीक्षा में बुंदेलखंड में इस बार महोबा ने टॉप किया है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं का प्रतिशत निकालें तो बुंदेलखंड के अन्य छह जिलों से महोबा काफी आगे है। दूसरे स्थान पर झांसी ने कब्जा जमाया है। मामूली अंतर के साथ हमीरपुर तीसरे नंबर पर है। वहीं, ललितपुर सबसे नीचे पायदान पर रहा है।
दसवीं में महोबा के 88.45 व बारहवीं में 89.24 फीसदी छात्र पास हुए हैं। दोनों कक्षाओं को मिलाकर पास होने वाले विद्यार्थियों को प्रतिशत 88.95 फीसदी है। ऐसे में बुंदेलखंड में महोबा टॉप पर रहा है। वहीं, 10वीं में झांसी के 86.16 व 12वीं में 83.65 प्रतिशत छात्र-छात्राएं पास हुए हैं। कुल 84.90 फीसदी विद्यार्थी पास होने से झांसी ने दूसरा स्थान पाया है। हाईस्कूल में हमीरपुर के 86.05 व इंटरमीडिएट में 83.35 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए हैं। दोनों कक्षाओं को मिलाकर हमीरपुर का रिजल्ट 84.70 फीसदी रहा है और तीसरा स्थान पाया है। 82.12 फीसदी विद्यार्थी पास होने की वजह से चित्रकूट चौथे स्थान पर रहा है। चित्रकूट में हाईस्कूल में 78.72 व इंटर में 85.52 फीसदी छात्र पास हुए हैं। 81.39 फीसदी अंक प्रतिशत के साथ जालौन पांचवें नंबर पर आया है। यहां 10वीं में 85.56 व 12वीं में 77.23 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। 81.39 प्रतिशत के साथ छठे स्थान पर रहने वाले बांदा में हाईस्कूल में 80.38 व इंटर में 82.41 फीसदी विद्यार्थियों ने सफलता पाई है। 81.31 फीसदी के साथ सबसे नीचे ललितपुर रहा है। इस जिले में 77.58 फीसदी छात्र दसवीं और 85.05 प्रतिशत हाईस्कूल में पास हुए हैं।
प्रदेश में ये रहा स्थान
इंटरमीडिएट में पास होने के प्रतिशत के मामले में महोबा ने प्रदेश में भी शीर्ष स्थान पाया है। जबकि, बुंदेलखंड के चित्रकूट ने नौवां, ललितपुर ने 10वां, झांसी ने 14वां, हमीरपुर ने 17वां, बांदा ने 23वां और जालौन ने 47वां स्थान हासिल किया है। वहीं, हाईस्कूल में महोबा ने 11वां, झांसी ने 25वां, हमीरपुर ने 26वां, जालौन ने 30वां, बांदा ने 59वां, चित्रकूट ने 65वां, ललितपुर ने 67वां स्थान पाया है।