संवाद न्यूज एजेंसी
टोड़ी फतेहपुर। सरयू सागर लठवारा तालाब स्थित प्राचीन महादेव मंदिर का 1.86 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प होगा। शासन की ओर से यह धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। 24 अगस्त को भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। काम पूरा करने की अवधि छह माह तय की गई है।
सरयू सागर लठवारा तालाब स्थित प्राचीन महादेव मंदिर क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। वर्ष भर यहां श्रद्धालुओं को आवागमन में लगा रहता है। मंदिर के महत्व को देखते हुए विधायक डाॅ. रश्मि आर्या की पहल पर इसके कायाकल्प व सौंदर्यीकरण के लिए पर्यटन विभाग की ओर से शासन को प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे मंजूरी मिल गई है। इसके अलावा अन्य औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गईं हैं। 24 अगस्त को क्षेत्रीय विधायक भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ करेंगी।
स्वीकृत धनराशि से मंदिर परिसर में मल्टीपरपज हॉल, टॉयलेट ब्लॉक्स, सोलर पैनल, लाइट, साइनेज, आरसीसी बेंच, म्यूरल वॉल, रेलिंग आदि समेत अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।