झांसी। सावन माह के अंतिम सोमवार यानी 24 अगस्त को महाकालेश्वर मंदिर पर होने वाले जलाभिषेक को लेकर पुलिस प्रशासन चौकन्ना हो गया है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं ताकि नापाक मंसूबे पालने वाले अपने मकसद में सफल न हो सकें।
मिश्रित आबादी क्षेत्र गोविंद चौराहा पर शिव का महाकालेश्वर नाम से प्राचीन मंदिर है। इस मंदिर की मढ़ियाओं पर अवैध कब्जा होने की वजह से हर वर्ष तनाव के हालात पैदा हो जाते थे। जिला प्रशासन के अथक प्रयास से मढ़ियाओं को कब्जों से मुक्त करा दिया गया है। जिसकी वजह से आगामी सावन के सोमवार को होने वाले जलाभिषेक को लेकर तनाव के हालात नहीं हैं, फिर भी जिला प्रशासन किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं हैं। जिसकी वजह से हर वर्ष की भांति इस बार भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
बेरीकेडिंग कर श्रद्धालुओं को लाइन से मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। चप्पे-चप्पे पर फोर्स लगाया जाएगा। जिसके चलते डीआईजी से बाहरी जिलों के 250 पुलिस कर्मी, 40 दारोगा, तीन सीओ और पांच कंपनी पीएसी दिलवाने की मांग की गई है। इस पुलिस बल को मंदिर के रास्तों के अलावा आसपास के घरों की छतों पर लगाया जाएगा। सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
एसपी सिटी राजेश सिंह ने बताया कि महाकालेश्वर पर जलाभिषेक के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात रहेगा ताकि शरारती तत्व अपने मंसूबों में कामयाब न हो सकें। उन्होंने बताया कि डीआईजी से अतिरिक्त फोर्स की मांग की गई है, ताकि पर्याप्त फोर्स तैनात किया जा सके।
गंगा अभिषेक 24 को
झांसी। समाजसेवी संस्था जय श्री बालाजी सर्व समाज की बैठक बृहस्पतिवार को नक्टा चौपड़ा में हुई, जिसमें संस्था के प्रबंधक संतोष सेन ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी 24 अगस्त को संस्था द्वारा प्राचीन मढ़िया महादेव मंदिर में गंगा अभिषेक किया जाएगा। जिसमें संस्था की महिलाएं एवं बच्चे भी शिवजी का अभिषेक करेंगे। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष छोटू कुशवाहा, उपाध्यक्ष राकेश कुशवाहा, कोषाध्यक्ष अवधेश कुशवाहा, उपप्रबंधक विकास रायकवार, वेदप्रकाश साहू, पवन कुशवाहा, अमित कुशवाहा, गुड्डू तिवारी आदि मौजूद रहे।