झांसी। संगम की रेत पर लगने वाले माघ मेला को लेकर रोडवेज ने तैयारियां कर ली हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज झांसी परिक्षेत्र से तीस बसों का संचालन करेगा। हालांकि यह बसें माघ मेला के विशेष पर्वों पर ही दौड़ाई जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि इलाहाबाद में त्रिवेणी के तट पर प्रति वर्ष माघ मेला आयोजित होता है, जिसमें देश के विभिन्न कोनों से श्रद्धालु पवित्र संगम में स्नान के लिए उमड़ते हैं।
विशेष दिवसों पर तो इनकी संख्या में अन्य दिनों की अपेक्षा काफी इजाफा होता है। ऐसे में मेला के दौरान रोडवेज बसों की सेवा काफी महत्वपूर्ण हो जाती है। इसी क्रम में रोडवेज ने झांसी परिक्षेत्र के उरई, ललितपुर एवं झांसी बस स्टैंडों से तीस बसों के संचालन का निर्णय लिया है।
यह बसें पांच फरवरी से प्रारंभ होंगी। आरएम डीवी सिंह ने बताया कि यह बसें आवश्यकता पड़ने पर पहले भी चलाई जा सकती हैं। जिस जिले से ज्यादा डिमांड होगी, वहां बसों की संख्या में बढ़ोत्तरी भी की जा सकती है।