- आधार कार्ड न बनने से लोगों को हो रही परेशानी, भटक रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
मोंठ। कस्बा के डाकघर में आठ माह से आधार कार्ड बनाने की मशीन खराब है। ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उनको मजबूरन अन्य जगह पैसा और समय खर्चकर दूर आधार कार्ड बनवाने जाना पड़ता है।
सरकार ने 5 से 15 साल के बीच के बच्चों के आधार कार्ड अपडेट कराने एवं सरकारी योजनाओं के लाभ के लिए आधार सीडिंग एवं ई-केवाईसी कराने के लिए सभी विभागों को निर्देश जारी किए हैं, ऐसे में लोगों को बैंक से लेकर विधवा, वृद्धा, दिव्यांग पेंशन, खाद्यान्न समेत तमाम सरकारी योजनाओं में पंजीकरण के लिए आधारकार्ड की आवश्यकता पड़ती है लेकिन मोंठ में मशीन खराब होने से लोग भटक रहे हैं। सोमवार को समाधान दिवस में मंडलायुक्त से इसकी शिकायत की गई थी। जिस पर उन्होंने उपजिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी से जानकारी मांगी थी। उन्होंने निर्देश दिए थे कि तहसील स्तर पर आधार कार्ड केंद्र चालू कराए जाएं।
कस्बा मोंठ मुख्य डाकघर में एक साल पहले केंद्र खोला गया था। करीब आठ माह से आधार कार्ड बनाने का कार्य ठप है। प्रतिदिन डाकखाने पर लोग पहुंच रहे हैं। लेकिन वह निराश होकर लौट रहे हैं। इस संबंध में पोस्टमास्टर सत्यप्रकाश यादव का कहना है कि आठ माह से मशीन खराब है। इसके अलावा ऑपरेटर नहीं हैं। जिसकी वजह से आधार कार्ड बनाने का काम बंद पड़ा है। खंड विकास अधिकारी मोंठ राकेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि वह आधार बनवाने के लिए कैंप लगवाएंगे। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मोंठ अमित कुमार त्रिवेदी का कहना है कि 5 साल से 15 साल तक के बच्चों के आधार कार्ड अपडेट न होने से उनकी केवाईसी नहीं हो रही है। जिसकी वजह से केवाईसी का कार्य पूर्ण नहीं हो रहा है। राशन वितरण में परेशानी हो रही है।