संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। दस साल पुराने अब्दुल हत्याकांड में अदालत ने दो दोषियों रमजान और आशु कुरैशी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायालय (ईसी एक्ट) के न्यायाधीश देवाशीष की अदालत ने दोनों पर 20-20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। दोनों ने अब्दुल को कबूतर उड़ाने के बहाने बुलाया था और बाद में उसे गोली मार दी थी।
अभियोजन के मुताबिक, ओरछा गेट निवासी मजीद कुरैशी ने नवाबाद थाने में तहरीर देकर बताया था कि मोहल्ले के रहने वाले रमजान, आशु कुरैशी और दो नाबालिग 26 फरवरी 2016 को उनके भतीजे अब्दुल उर्फ भैया को कबूतर उड़ाने के बहाने अपने साथ ले गए थे। अब्दुल जब एक नाबालिग के घर की छत पर पहुंचा तो उनमें से एक ने कट्टे से उसे गोली मार दी। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस ने विवेचना के बाद आरोप पत्र अदालत में दाखिल किया। दोनों नाबालिग आरोपियों का विचारण किशोर न्याय बोर्ड में हुआ, जबकि रमजान और आशु के मामले की सुनवाई विशेष न्यायालय (ईसी एक्ट) में चली। शुक्रवार को अंतिम सुनवाई के दौरान सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता की ओर से पेश किए गए तर्कों और साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने दोनों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
चाची ने अपनी आंखों से देखी थी वारदात
सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता संजय देव शर्मा ने अदालत को बताया कि घटना के दिन दो नाबालिग और मोहल्ले के दो बालिग दोस्ती के बहाने अब्दुल को अपने साथ ले गए थे। उनकी अब्दुल से कोई खास पुरानी दुश्मनी नहीं थी। हालांकि, शक होने पर अब्दुल की चाची भी नाबालिग के घर पहुंच गई थीं। उनकी मौजूदगी में ही अब्दुल को कट्टे से गोली मारी गई थी। अभियोजन की ओर से इस मामले में मजबूत पैरवी की गई।