बुधवार की शाम एक होटल में अग्रसेन महाविद्यालय की बीए फाइनल की छात्रा मनीषा पुत्री रमेशचंद्र अहिरवार निवासी ग्राम कुआगांव स्यावनी एवं राहुल अहिरवार पुत्र लक्ष्मन प्रसाद निवासी कंगना खेड़ा टीकमगढ़ मप्र के शव पंखे से लटकते पाए थे। जिसकी पहचान मृतक मनीषा के चचेरे भाई मोहित ने होटल में जाकर की थी।
मनीषा के पिता रमेशचंद्र अहिरवार ने बताया कि बुधवार को दिन में 12.30 बजे मनीषा अपनी मां रामदेवी से यह कहकर निकली थी कि अभी आते हैं, पिता गुरसराय गए थे। घर आने के बाद जब मनीषा रात सात बजे तक घर वापस नहीं आई, जिसे लेकर मऊरानीपुर थाने में सूचना देने के लिए गया। उसी दौरान होटल के कर्मचारी ने थाने में आकर पुलिस को एक युवक-युवती द्वारा होटल में फांसी लगाने की सूचना दी। जिसे लेकर पुलिस हमारे भतीजे मोहित को होटल ले गई एवं पहचान कराई।
पिता ने बताया कि लड़की की शादी की बात चल रही थी। उन्होंने प्रेम संबंध की जानकारी से इन्कार किया। मृतक युवक के परिवार का रिश्तेदार बताया एवं परिवार में आना-जाना रहने की बात कही। लड़की के पिता रमेशचंद्र ने फांसी की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई। वहीं, युवक के चाचा शोभाराम ने बताया दिन में 10 बजे युवक घर से निकला था। उन्होंने आत्महत्या पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की।
मृतक राहुल अहिरवार के पिता लक्ष्मन प्रसाद ने बताया कि बुधवार को लगभग 12 बजे निकला था। लगभग दो बजे हमारी बड़ी बेटी ने फोन लगाया तो राहुल ने बताया मैं टीकमगढ़ में हूं। उसके बाद फोन बंद आ रहा था। रात्रि लगभग 8.20 बजे कुआगांव स्यावनी के हमारे रिश्तेदार ने फोन से सूचना दी कि मऊरानीपुर में एक होटल में युवक-युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके बाद मैं घर से रात्रि में मऊरानीपुर आया। इस दौरान पुलिस ने दोनों शवों को फांसी के फंदे से उतारकर मोर्चरी पहुंचा दिया था। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली प्रभारी शिवकुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर होटल पहुंचा। जहां कमरे में कंबल के किनारी को निकालकर रस्सी के रूप में उपयोग कर दोनों फांसी से लटके पाए। लड़का-लड़की ने होटल में लगभग 2.30 बजे प्रवेश किया। पीएम रिपोर्ट एवं सीसीटीवी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।