प्रेमिका की शादी की तारीख करीब आने से बौखलाए प्रेमी ने तमंचे से सिर में गोली मारकर उसकी हत्या के बाद खुद भी जान दे दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गेट तोड़कर दोनों शवों को कब्जे में लिया। मौके से ही पुलिस ने तमंचा भी बरामद किया है।
थाना नवाबाद के कुम्हार के कुआं निवासी अशोक प्रजापति की बेटी पिंकी (19) की शादी मध्यप्रदेश के शिवपुरी स्थित करैरा में तय हुई थी। 23 मई की शादी थी। बुधवार की दोपहर अशोक अपने रिश्तेदारों के साथ पुत्री का लगन देने मध्यप्रदेश के शिवपुरी स्थित करैरा गए थे। रात में पिंकी बाहर वाले कमरे में सो रही थी। इसी बीच मोहल्ले में रहने वाला नरेंद्र कमरे में पहुंचा और पिंकी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी कनपटी पर गोली मार ली। गोली चलने की आवाज परिजनों ने भी सुनी, लेकिन पटाखा समझकर अनसुना कर दिया।
बृहस्पतिवार सुबह मौके पर पहुंची पुलिस को जांच में पता चला है कि नगर निगम में संविदाकर्मी नरेंद्र का पिंकी के साथ लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पिंकी की शादी तय होने से नरेंद्र परेशान था। एसपी सिटी राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि गोली लगने से दोनों की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।