झांसी। प्रेमी के शादी करने से इंकार करने से दुखी छात्रा ने जहर खा लिया। पिछले दो साल से उसका एक युवक से प्रेम संबंध था लेकिन, कुछ माह पहले उसने शादी करने से इंकार कर दिया। छात्रा के परिजनों का कहना है कि प्रेमी के इंकार करने से वह दुखी रहती थी। दो दिन पहले उसने जहर खा लिया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। यहां सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।
टहरौली के बसारी गांव निवासी परशुराम अहिरवार जीविकोपार्जन के लिए खेती करते हैं। उनका कहना है छोटी बेटी कीर्ति (19) बीए की छात्रा थी। करीब दो साल साल पहले बिजरवारा गांव निवासी एक युवक से उसकी दोस्ती हो गई। युवक ने शादी करने का झांसा देकर कीर्ति को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। जब उन लोगों को यह मालूम चला तब वह लोग शादी को राजी हो गए लेकिन, जब उन्होंने युवक से शादी की बात की तब युवक शादी करने से मुकर गया। युवक का कहना था कि एक जाति का न होने से उसके परिवार के लोग राजी नहीं होंगे। युवक के इंकार के बाद उन्होंने कीर्ति का दूसरी जगह रिश्ता तय कर दिया। इससे कीर्ति दुखी रहती थी। उधर, परिवार के लोग कीर्ति की शादी की तैयारियों में जुट गए। पिता परशुराम के मुताबिक 14 मार्च को शादी का लहंगा बुक करने कीर्ति बाहर गई थी। उस दिन युवक बाइक से कीर्ति को अपने साथ लेकर झांसी आया। पिता का कहना है कीर्ति ने एक बार फिर उस युवक से शादी करने की बात कही लेकिन, युवक ने दोबारा इंकार कर दिया। इस बात से कीर्ति काफी टूट गई थी। 18 मार्च को घर पर जब कोई नहीं था। तब कीर्ति ने जहरीला पदार्थ खा लिया। अचेत मिलने पर परिवार के लोग उसे लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। सोमवार सुबह कीर्ति ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत के बाद से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। पिता का कहना है कि अंतिम संस्कार के बाद थाने में तहरीर देंगे।