इलाइट चौराहा पर वाहन चालकों की चेकिंग करते जिलाधिकारी आंद्रा वामसी। अमर उजाला
झांसी। डीएम आंद्रा वामसी ने रविवार को सड़क पर उतरकर लोगों को लॉकडाउन का पालन कराने की नसीहत दी। इस दौरान उन्होंने बेवजह घूमने वालों के वाहन सीज कराते हुए चालान कटवाए।
डीएम शहर के सबसे व्यस्ततम इलाइट चौराहे पर पहुंचे और उन्होंने वहां दो दिन के लॉकडाउन का सख्ती से लोगों को पालन कराया। चारों ओर से आ रहे चार पहिया और दो पहिया वाहनों को रोक बेमतलब घूमने पर नाराजगी व्यक्त की। साथ ही, वाहनों को सीज कराने और चालान काटे जाने की कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि अभियान पूरे नगर में चलाया जा रहा है। शहर के अन्य क्षेत्रों में अधिकारी और पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से यह काम कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने शहर के कंटेनमेंट जोन के लोगों से अपील करते हुए कहा कि डोर टू डोर सर्विलांस टीम पहुंच रही हैं, उनका सहयोग करें। कोरोना वायरस से यदि बचना है तो स्वयं ऐसे लोग आगे आएं जिन्हें कोई पुरानी बीमारी और सर्दी, बुखार और खांसी की शिकायत है। ताकि जांच करते हुए आपको व आपके परिवार को सुरक्षित किया जा सके। जिलाधिकारी ने शहरवासियों से कहा कि लॉकडाउन के नियमों की अनदेखी न करें मास्क लगाएं और घर पर रहें सुरक्षित रहें।