झांसी। मंगलवार को वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर शहर जगमग नजर आया। अपनी रानी के स्वागत में लोगों ने घर-घर दीप जलाए। साथ ही चौराहे व सड़कें भी रोशन नजर आईं। अमर उजाला के साथ मिलकर लोगों ने अपनी मनु के स्वागत में एक बार फिर से दीपावली मनाई।
वैसे तो रानी की जयंती की रौनक शहर में सुबह से ही नजर आने लगी थी। लेकिन, शाम का नजारा ही अलग था। दिन ढलते ही लोगों ने अपने घर के दरवाजे दीप जलाकर रोशन किए। वहीं, रानी लक्ष्मीबाई पार्क में रानी की प्रतिमा स्थल के इर्दगिर्द भी काफी संख्या में लोग जमा हुए। यहां सभी ने अपनी रानी के जन्मोत्सव की खुशी में दीप और मोमबत्तियां जलाईं। इसके अलावा एसपीआई के पास झलकारी बाई प्रतिमा स्थल, जीवनशाह पर अहिल्या बाई प्रतिमा स्थल, मां कर्माबाई तिराहा, सीपरी बाजार चौराहा, बीकेडी चौराहा आदि स्थान भी दीपों की रोशनी से जगमगाते नजर आए। वहीं, कई सड़कों के किनारे और डिवाइडरों पर भी दीप जलाए गए। खंडेराव गेट से पंचकुइयां तक की सड़क का डिवाइडर तिरंगे के रंग से रंगा गया और शाम को यहां कतारबद्ध ढंग से दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इतना ही नहीं, शहर की गली-मुहल्लों व कॉलोनियों में भी दीपावली जैसी रौनक दिखी। लोगों ने रानी के स्वागत में अपने-अपने घरों के दरवाजे पर दीप व मोमबत्तियां प्रज्ज्वलित कीं।