अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मेडिकल कॉलेज में वार्डों की लिफ्ट फिर खराब हो गई हैं। रोगियों और उनके तीमारदारों की सीढि़यां चढ़ने में सांसें फूल रही हैं। कॉलेज प्रशासन ने कंपनी से लिफ्ट की स्थिति की लिखित जानकारी मांगी है। ताकि अन्य कोई व्यवस्था की जा सके।
मेडिकल कॉलेज की लिफ्टें करीब एक साल से बंद पड़ी थीं। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने लिफ्ट के ठीक नहीं होने पर कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने या नई लिफ्ट लगवाने के आदेश दिए थे। जिस पर तत्कालीन प्रधानाचार्य डॉ. एनएस सेंगर को कंपनी ने लिफ्टें सही करने का भरोसा दिया। कंपनी ने लिफ्टें सही करने का दावा करते हुए करीब 20 लाख रुपये का भुगतान करने के पत्र सौंप दिए। कॉलेज प्रशासन ने अपरिहार्य कारण से भुगतान नहीं किया।
मेडिकल कॉलेज के एसआईसी डॉ. सचिन माहुर ने बताया कंपनी को लिफ्ट सही करने का कोई भुगतान नहीं किया है। अब शर्त के आधार पर ही लिफ्ट सही कराई जाएंगी। कंपनी से लिखित में लिया जाएगा कि लिफ्ट सही होंगी या नहीं। यदि लिफ्ट सही नहीं होंगी तो नई लगवाने का काम किया जाएगा।