झांसी। सरकार हर घर को रोशन करने के दावे कर रही है, लेकिन जिम्मेदार सरकार की योजनाओं को पलीता लगा रहे हैं। कनेक्शन की मांग कर रहे 200 परिवारों को विभाग बिजली के कनेक्शन नहीं दे रहा है। ऐसे में बीते 17 दिन से जिंदगी अंधेरे में गुजर रही है। मंगलवार को लोगों ने गल्लामंडी सब स्टेशन के उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। साथ ही अस्थायी कनेक्शन देने की मांग की।
बीती 19 जुलाई को करगुवा जैन मंदिर परिसर में लगे ट्रांसफार्मर को बदलने के बाद विभाग ने नई बस्ती के लोगों के तारों को लाइन से हटा दिया था। इससे यहां रहने वाले 200 घरों में अंधेरा हो गया। विभाग अब दोबारा उनके तार जोड़ने को तैयार नहीं है और न ही लोगों को स्थायी या अस्थायी कनेक्शन मिल पा रहा है। इससे लोगों के लिए बिजली के बिना पल- पल काटना मुश्किल हो रहा है। लोग अपने मोबाइल तक चार्ज करने के लिए रिश्तेदारों व अन्य स्थानों पर जा रहे हैं। लोगों के घरों में पानी तक नहीं है। मंगलवार को उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अस्थायी कनेक्शन देने की मांग की। लोगों का कहना है कि बिजली के बिना एक- एक दिन काटना मुश्किल हो रहा है। इस दौरान उमेेश, दिलीप, रविंद्र, विश्वनाथ, राजू कुशवाहा, मलखान सिंह, पंकज मिश्रा मौजूद रहे।