झांसी। अयोध्या में बुधवार को होने वाले राम मंदिर भूमिपूजन को लेकर जिले में चौकसी बढ़ा दी गई है। जिले में प्रवेश करने वाले वाहनों को चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। दिन भर चेकिंग कर पुलिस नजर रख रही है। हाइवे पर रात के समय गश्त बढ़ा दी गई है। महानगर के प्रमुख चौराहों पर क्यूआरटी के साथ पीएसी बल भी तैनात कर दिया गया है। देर रात रेलवे स्टेशन पर भी पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया ।
मंगलवार से महानगर में सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए हैं। चार सीओ, 12 थाना प्रभारी, सात निरीक्षक, 13 चौकी प्रभारी, 69 एसआई, 204 आरक्षी, रिक्रूट कांस्टेबिल 150, होमगार्ड 189, पीआरडी 60, क्यूआरटी 05, फायर टेंडर 3 व एक कंपनी पीएसी को तैनात किया गया है। हाइवे पर चेकिंग करने के साथ ही सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रात भर वाहनों की चेकिंग हो रही है। जिले में सेक्टर स्कीम लागू होने के बाद मोहल्लों में ड्रोन कैमरे उड़ाकर निगरानी की जा रही है। मंगलवार को भी एसएसपी दिनेश कुमार पी ने शहर भर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।