टोड़ी फतेहपुर की दुगारा समिति पर खाद लेते किसान
टोड़ी फतेहपुर। साधन सहकारी समिति दुगारा पर बुधवार को किसानों को शांतिपूर्वक खाद वितरित की गई। समिति ने उन गांवों के किसानों को प्राथमिकता दी जो अभी तक खाद पाने से वंचित थे। खाद की किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतों के बाद समिति प्रबंधन ने अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है।
समिति अध्यक्ष शैलेन्द्र राजपूत ने बताया कि पर्याप्त खाद होने के बावजूद क्षेत्र में कमी बनी हुई है। जांच में सामने आया कि कई लोगों ने अपनी जमीन के मानक से अधिक खाद पहले ही ले ली थी। ये लोग दोबारा खाद लेने के लिए समिति पर अनुचित दबाव बना रहे थे। अध्यक्ष के निर्देश पर समिति कर्मचारी होतीराम आर्य ने एक व्यक्ति के खिलाफ थाना टोड़ी फतेहपुर में प्रार्थना पत्र दिया। आरोप है कि उस व्यक्ति ने निर्धारित मानक से अधिक खाद लेने के बाद भी दोबारा मांग की। मना करने पर उसने कर्मचारी को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
कालाबाजारी पर सख्त रुख
शैलेन्द्र राजपूत ने स्पष्ट किया कि खाद की कालाबाजारी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। निर्धारित मानक से अधिक खाद लेकर दूसरे किसानों का हक छीनने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। समिति की प्राथमिकता खाद वितरण में पारदर्शिता बनाए रखना है। इससे वास्तविक जरूरतमंद किसानों को समय पर खाद मिल सकेगी।