झांसी। विद्युत खपत को कम करने के लिए विभाग 18 जनवरी से अपने उपभोक्ताओं को बिल काउंटरों पर सस्ती दरों पर एलईडी बल्ब उपलब्ध कराएगा। किलोवाट भार के हिसाब से उपभोक्ताओं को बल्ब उपलब्ध कराए जाएंगे। शुरूआत में नगर के दोनों वितरण खंडों को पहली खेप में पांच हजार बल्ब उपलब्ध कराए गए हैं।
शहर में जब से विद्युत मीटरों को परिसर के बाहर लगाने की शुरूआत हुई है, तब से उपभोक्ताओं की धारणा बन गई है कि मीटर तेज भाग रहे हैं। दरअसल, अब जो नए मीटर लगाए जा रहे हैं, उनमें अगर घर का कोई स्विच भी ऑन हो तो समझ लीजिए कि बिजली का बिल चल रहा है।
यही कारण है कि उपभोक्ताओं का बढ़ कर बिल आने लगा है। मगर, विभाग अब उपभोक्ताओं की इस समस्या को कम करने जा रहा है। विभाग 18 जनवरी से बिल काउंटरों पर सस्ते दामों में सात वाट का एलईडी बल्ब उपलब्ध कराने जा रहा है। जिस बल्ब की कीमत बाजार में तीन सौ से सवा तीन सौ के बीच चल रही है, वह उपभोक्ताओं को मात्र 85 रुपये में उपलब्ध कराया जाएगा।
शुरूआत में यह सुविधा सुकुवां- ढुकुवां कालोनी स्थित विद्युत वितरण खंड प्रथम कार्यालय के एक बिल काउंटर, रानी महल काउंटर व द्वितीय वितरण खंड के अंतर्गत मुन्नालाल पावर हाउस के बगल में बने उपखंड अधिकारी मेडिकल कॉलेज क्षेत्र कार्यालय में खुले काउंटर पर मिलेगी। उपभोक्ता दो किलोवाट तक के संयोजन पर तीन बल्ब व तीन किलोवाट तथा इससे अधिक के भार पर पांच बल्ब ले सकते हैं।
एक बल्ब की कीमत 85 रुपये रखी गई है। बिल दिखाने के बाद कैशियर से बल्ब लिए जा सकते हैं। बल्ब लेने की रसीद उपभोक्ता को तुरंत दी जाएगी। पहले चरण में दोनों वितरण खंडों को ढाई- ढाई हजार एलईडी बल्ब दिए गए हैं। हालांकि, विद्युत स्टोर में पचास हजार बल्ब आ चुके हैं। इस संबंध में अधिशासी अभियंता (प्रथम) पी के सागर ने बताया कि शुरूआत में भार के हिसाब से उपभोक्ताओं को बल्ब दिए जाएंगे। आगे यह पाबंदी नहीं रहेगी।
बिजली बचत का बढ़िया साधन
कोलकाता की लक्ष्मी कंपनी से एलईडी बल्ब मंगाए गए हैं। सात वाट का यह बल्ब 60 वाट की बल्ब की तरह रोशनी देता है। एलईडी के एक बल्ब को अगर लगातार 24 घंटे जलाया जाए तो 0.17 यूनिट बिजली खर्च होती है। इस हिसाब से अगर छह बल्ब एक साथ 24 घंटे तक जलाए जाएं तो एक यूनिट से कुछ अधिक बिजली खर्च होगी।
जल्द ही अन्य वाट के भी मिलेंगे बल्ब
विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता पंकज अग्रवाल ने बताया कि जल्द ही एक और कंपनी के बल्ब आने वाले हैं। इनमें उपभोक्ताओं को 9 व 12 वाट के एलईडी बल्ब व 18 वाट की ट्यूब लाइट भी मिल सकेगी।