झांसी। ध्यानचंद स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल में चल रहे 15 दिवसीय सेंट्रल कोचिंग कैंप का रविवार को समापन हुआ। कैंप में प्रदेश के आठ मंडलों के अंडर-15 आयु वर्ग के 15 खिलाड़ियों ने कोच से न सिर्फ बैडमिंटन खेल की बारीकियां सीखीं। वहीं, प्रशिक्षकों ने फिट रहने के तरीके बताए। प्रतिभागियों को मेरिट लिस्ट के आधार पर आवासीय क्रीड़ा बैडमिंटन (बालक) छात्रावास में प्रवेश मिलेगा।
गोरखपुर मंडल के खिलाड़ी राजन वर्मा ने बताया कि कोर्ट में स्पीड एवं फुटवर्क को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने स्प्रिंट दौड़ पर खासा ध्यान दिया है। वहीं, कानपुर मंडल के आयुष पटेल के मुताबिक उन्होंने टॉस, ड्राप एवं स्मैश शॉट्स पर उन्होंने खासी मेहनत की है। इलाहाबाद मंडल के धर्मेंद्र कुमार, सत्यम कुमार, पीयूष सिंह, वीरेंद्र पटेल के अनुसार शटल को गैलरी व बैक गैलरी में पहुंचाने के उन्होंने कोच की मदद से से प्रैक्टिस पर जोर दिया। इसके अलावा मिर्जापुर मंडल के कौशल कुमार, आजमगढ़ मंडल के मोहम्मद आसिफ के मुताबिक उन्होंने कोर्ट पर 20 से 25 शटल रैली करने की क्षमता बढ़ाई। वहीं, झांसी के नीलेश रावत व सुवर्ण भागवत ने कैंप के अनुशासन को बेहतर बताया।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी रानी प्रकाश ने बताया कि सभी खिलाड़ियों के फाइनल फिजिकल, गेम व स्किल टेस्ट लिए गए हैं, जिसके आधार पर चयनकर्ताओं द्वारा मेरिट लिस्ट तैयार कर खेल निदेशालय को भेजी जाएगी। कार्यक्रम में एसएसपी मनोज तिवारी ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित कि ए। इस मौके पर मुख्य चयनकर्ता अतीक रहमान अंसारी, कोच शैलेंद्र कुशवाहा, जिला बैडमिंटन संघ के सचिव शकील अहमद व उप क्रीड़ा अधिकारी रेखा रावत आदि मौजूद रहीं।