झांसी। शहर में जगह-जगह पाइप लाइन में लीकेज होने से हजारों लीटर पानी बेकार बह रहा है। गंदा पानी भी लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। इस संबंध में कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
गर्मियां शुरू होते ही पानी की पाइप लाइन में लीकेज बढ़ते जा रहे हैं। तालपुरा टंकी के पास नवीन गल्ला मंडी तिराहे व शिवाजी नगर की तरफ जाने वाले मार्ग पर पाइप लाइन में लीकेज के कारण कई दिनों से भारी मात्रा में पानी सड़क पर बह रहा है। इसी तरह अलीगोल खिड़की के ठीक सामने, पंचकुइयां तिराहे के पास, आशिक चौराहा, चांद दरवाजा नई बस्ती, दतिया गेट बाहर, जैन नर्सिंग होम से नई बस्ती जाने वाले मार्ग के अलावा शहर के दर्जनों स्थानों पर लीकेज हैं।
एक अनुमान के मुताबिक हर दिन आधा एमएलडी पानी बेकार बह रहा है। इसके बाद भी संबंधित क्षेत्र के अवर अभियंता पाइप लाइन लीकेज ठीक करने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। लीकेज के कारण गंदा पानी घरों तक पहुंच रहा है। ऐसे में बीमारियां फैलने की संभावना बढ़ गई है।
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आर एस यादव ने बताया कि जल्द से जल्द लीकेज ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। सभी अवर अभियंताओं को प्राथमिकता के साथ लीकेज ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। अगर किसी क्षेत्र में एक दिन में लीकेज ठीक नहीं होता है तो वहां के लोग उनसे शिकायत कर सकते हैं।