एरच /झांसी। डिफेंस कॉरिडोर की परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है। इसके लिए चिह्नित जमीन का राजस्व विभाग की ओर से सीमांकन शुरू कर दिया गया है। उद्योग विभाग के अनुसार जल्द ही जमीन अधिग्रहण की कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी। शासन स्तर पर इसे लेकर सरगर्मियां तेजी से जारी हैं।
डिफेंस कॉरिडोर के निर्माण के लिए जिले की गरौठा और टहरौली तहसील की 5597.102 हेक्टेअर जमीन चिह्नित की गई थी। इसमें बीस हजार करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है। इस परियोजना को बुंदेलखंड की बदहाली दूर करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब तक ये योजना फाइल दर फाइल आगे बढ़ रही थी। लेकिन, अब इसका काम कागजों से निकलकर धरातल पर शुरू हो गया है। पिछले दिनों झांसी आई उत्तर प्रदेश डेवलपमेंट अथॉरिटी (यूपीडा) की टीम ने एरच में प्रस्तावित जमीन का स्थलीय निरीक्षण किया था। अब राजस्व विभाग सक्रिय हो गया है।
गरौठा के तहसीलदार मनोज कुमार ने लेखपालों की टीम के साथ सीमांकन किया। तहसीलदार ने बताया कि परियोजना के तहत प्रथम चरण में आठ सौ पचास हेक्टेअर जमीन ली जाएगी। इसमें ग्राम गोरा तक की पांच सौ हेक्टेअर और शेष साढ़े तीन सौ हेक्टेअर जमीन नेकेरा और झबरा एरच आंशिक की होगी। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के लिए प्रस्तावित जमीन का सीमांकन तैयार कर यूपीडा को भेजा जाएगा। राजस्व विभाग की टीम में धर्मपाल सिंह, विवेक कुमार व सर्वेश कुमार शामिल रहे।
डिफेंस कॉरिडोर को लेकर कागजी कार्यवाही अंतिम दौर में है। मौके पर प्रस्तावित जमीन का सीमांकन शुरू कर दिया गया है। जल्द ही ये परियोजना धरातल पर साकार रूप लेगी। शासन स्तर पर इसकी तैयारियां तेजी से जारी हैं।
- सुधीर श्रीवास्तव, उपायुक्त - उद्योग