थाना नवाबाद के इलाइट चौराहा स्थित एक होटल के कमरे में उरई निवासी एक युवक का शव लटका मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने फंदे से शव को उतारकर कब्जे में लिया। पुलिस की सूचना पाकर परिजन भी पहुंच गए। परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए आरोप भी लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पड़ताल शुरू कर दी है।
जालौन के गांव कुढ़ार सालाबाद निवासी अंकित बादल (24) का शव नवाबाद के पास इलाइट चौराहा स्थित ड्यूक होटल के कमरा नंबर 104 में मिला। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। शिनाख्त कर परिजनोें को सूचना दी। खबर पाकर मृतक अंकित के मामा राजेश उपाध्याय भी पहुंचे। जहां पता चला कि मृतक उरई के सुशील नगर में रहने वाले मामा राजेश उपाध्याय के यहां रहता था। जो 11 जनवरी की दोपहर से घर नहीं आया था। काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चला था। 13 जनवरी को मामा की शिकायत पर उरई कोतवाली में गुमशुदगी भी दर्ज हुई थी। अभी उसकी खोजबीन चल रही थी, तभी मृतक का शव इलाइट चौराहा स्थित ड्यूक होटल में फांसी पर लटका मिला।
बताया गया है कि मृतक अंकित 15 जनवरी की शाम छह बजे होटल में आया था, जहां उसको कमरा नंबर 104 बुक कर दिया गया था। कमरे में जाने के बाद खाना खाकर सो गया था। सुबह काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया तो कर्मचारियों को कुछ शक हुआ। खिड़की से झांककर देखा तो अंकित का शव फांसी पर लटका देख वह घबरा गया। सूचना पाकर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचना दी। मामा का आरोप है कि पुलिस ने पहले नहीं बल्कि देर से घटना की सूचना दी, जबकि उनको घटना के समय ही सूचना देनी थी। उन्होंने होटल कर्मियों पर भी संदेह जताया है।
बहन को भी किया था फोन
मृतक के मामा राजेश ने बताया कि मृतक अंकित ने मंगलवार की शाम अपनी बहन को फोन किया था। जहां उसने बताया था कि वह काफी परेशान है और उसे खुद नहीं पता कि वह कहां से बात कर रहा है। यह सुनते ही घबराकर बहन ने भाई को समझाने का प्रयास किया, इसी बीच फोन कट गया था। बहन ने कई बार फोन लगाने का प्रयास किया, लेकिन फिर अंकित से संपर्क नहीं हो सका। फोन आने के बाद बहन ने परिजनों को बताया। इसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने नंबर को सर्वलांस से जांच की, जहां पता चला कि नंबर झांसी स्थित इलाइट चौराहा की लोकेशन बता रहा है। अभी पुलिस पड़ताल कर रही थी, तभी उसके शव मिलने की खबर आ गई।
इंदौर का टिकट भी मिला
मृतक उरई में आरटीओ कार्यालय के बाहर काम करता था। जो एक दिन पहले ही झांसी आया था। उसे इंदौर भी जाना था, इसके लिए उसने बाकायदा मंगलवार रात झांसी से इंदौर की बस से बुकिंग कर टिकट भी ले ली थी। किन्ही कारणों के चलते वह इंदौर नहीं जा सका।
पुलिस बता रही प्रेम प्रसंग का मामला
नवाबाद प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया कि युवक का कालपी इलाके में रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग था। इस बात की भनक परिजनों को लगते ही उन्होंने उसको डांट दिया था। जिससे परेशान होकर वह घर से झांसी आ गया था। इसके बाद यह घटना कैसे हुई पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।