संवाद न्यूज एजेंसी
चिरगांव। बेतवा नदी के रामनगर घाट पर नहाने के दौरान फिसलकर गहरे पानी में चले जाने से मजदूर की डूबकर मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजन का बुरा हाल है।
मध्य प्रदेश के थाना सैदरी के ग्राम मोन पुरा निवासी 25 वर्षीय मुकेश विश्वकर्मा पुत्र रामेश्वर रामनगर में क्रशर पर रात में मशीन चलाता था। शनिवार सुबह नौ बजे वह ट्रक चालक के साथ नदी पर नहाने गया था। नहाते समय फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह नजारा देख उसका साथी चिल्लाया तो नदी पर मौजूद लोग उसे बचाने के लिए कूदे। उन्होंने उसे पानी से बाहर निकाला। लोगों ने एंबुलेंस की मदद से उसे चिरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। यहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। मृतक के चचेरे भाई पंकज ने बताया कि वह एक वर्ष से रामनगर में क्रशर पर काम कर रहा था। उसने बताया कि मुकेश का मोबाइल एवं आधार कार्ड का पता नहीं चल रहा है। परिजन ने पुलिस से जांच कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।