संवाद न्यूज एजेंसी
रानीपुर। निकटवर्ती ग्राम टिकरी में एक कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें कोटरा टीम और बगरौनी टीम ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन टिकरी के पूर्व प्रधान बृजेंद्र सिंह यादव ने फीता काटकर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कबड्डी बुंदेलखंड का एक नामचीन खेल है। ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने से युवाओं का शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य ठीक रहता है। उन्होंने यह भी बताया कि आज के परिवेश में तमाम खेल स्पर्धाएं हावी हैं। इससे कबड्डी जैसी प्रतियोगिताएं विलुप्त हो रही हैं। पहले ग्राम स्तर पर ऐसी प्रतियोगिताएं बहुतायत में होती थीं। मैच कोटरा और बगरौनी टीम के बीच प्रारंभ हुआ। इसमें कोटरा टीम विजेता रही।
विजेता खिलाड़ियों को शील्ड और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मैच के अंपायर हरगोविंद कुशवाहा थे। रेफरी काशीनाथ पंडा बनवाली रहे। आयोजक कमेटी के सदस्य कमलेश कुशवाहा, रवि कुशवाहा, प्रेम प्रकाश, संजू और जानकी कुशवाहा उपस्थित रहे। बृषभान मास्टर, हर प्रसाद भगत, भगवत कुशवाहा, मंगल मनीष, जालम, आनंद, घनश्याम दास और हरि शंकर भी मौजूद थे।