अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जल संस्थान की ओर से 18 और 19 जनवरी को पाइपलाइन मरम्मत का काम कराया जाना है। ऐसे में आधे महानगर में दो दिन जलापूर्ति नहीं होगी। बबीना से आने वाली मुख्य राइजिंग पाइपलाइन में लगा 450 एमएम का स्लुइस वाल्व इलाइट चौराहे पर खराब हो गया है।
ऐसे में विभाग 18 जनवरी को सुबह 10 बजे मरम्मत का काम करवाएगा। इसके चलते शाम को सीपरी बाजार, आईटीआई, सिद्धेश्वर नगर, प्रेमनगर, रायगंज, शिवाजी नगर, डडियापुरा, सागर गेट, इलाहाबाद बैंक चौराहा, खुशीपुरा, सिविल लाइन, स्वामीपुरम, चंद्र बिहार कॉलोनी, नई बस्ती क्षेत्र में आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
वहीं, 19 जनवरी को सुबह केकेपुरी, खातीबाबा, नंदनपुरा, ताज कंपाउंड, आवास विकास आदि क्षेत्र में रहने वाले लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ेगा। इससे लगभग एक लाख से ज्यादा लोगों को पेयजल संकट से जूझना पड़ेगा।
इस संबंध में अवर अभियंता प्रशांत ने बताया कि इसके लिए विभाग ने तैयारी कर रखी है। पेयजल संकट होने पर टैंकरों के माध्यम से सप्लाई कराई जाएगी। वहीं, उपभोक्ता 17 जनवरी को अपने घरों में पानी का भंडारण अवश्य कर लें।
इन नंबरों पर कर सकते हैं शिकायत
जल संस्थान के कंट्रोल रूम 8189074647, अवर अभियंता टैंकर 7991353545 एवं सहायक अभियंता प्रदीप सिंह जादौन 7991353542 के नंबर पर संपर्क कर पेयजल से संबंधी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।