विकास सनाड्य
झांसी। बुंदेलखंड में धूप की तपिश अब यहां के लिए वरदान साबित होने लगी है। सौर ऊर्जा उत्पादन की दृष्टि से यहां का वातावरण अनुकूल होने की वजह से एक के बाद एक कंपनियां अपने सोलर पावर प्लांट स्थापित कर रही हैं। जिंदल ग्रुप की कंपनी जेएसडब्ल्यू नियो एनर्जी लिमिटेड यहां पांच हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
भविष्य में झांसी सौर ऊर्जा उत्पादन का बड़ा हब बनकर उभरेगा। इसके लिए सरकार की ओर से उद्यमियों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। यहां कंपनियों के आने का क्रम लगातार बना हुआ है। - मनीष चौधरी, उपायुक्त उद्योग
कंपनी गरौठा में 1200 मेगावाट का सोलर पावर प्लांट स्थापित करने जा रही है। इसके लिए सरकार से करार हो चुका है। पांच हजार एकड़ जमीन पर प्लांट लगेगा। इसमें से 2700 एकड़ सरकारी जमीन चिह्नित की जा चुकी है। बाकी 2300 एकड़ जमीन किसानों से लीज पर ली जाएगी। सरकार से ली जाने वाली जमीन का कंपनी प्रति वर्ष 15 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से किराया अदा करेगी। इस प्लांट से 950 लोगों को सीधे तौर पर रोजगार हासिल होगा। अगले सप्ताह कंपनी की उच्चस्तरीय टीम यहां आएगी।
छह हुए चालू, 19 प्लांट और होंगे स्थापित
सौर ऊर्जा क्षेत्र में देश-विदेश की कंपनियां तेजी से झांसी की ओर आकर्षित हो रही हैं। 25 कंपनियों ने यहां सोलर प्लांट लगाने के लिए सरकार से करार किया था। इनमें से छह प्लांट शुरू भी हो गए हैं, जबकि 19 का काम जारी है। मुख्यमंत्री उद्यमी मित्र दिनेश सिंह ने बताया कि सौर ऊर्जा उत्पादन की दृष्टि से झांसी की धूप का रेडिएशन एकदम अनुकूल है। सरकार की ओर से भी कंपनियों की पूरी मदद की जा रही है। यही वजह है कि यहां इकाई की स्थापना के लिए कंपनियां तेजी से आ रही हैं।