जांच में युवक कोरोना संक्रमित पाया गया।
- फोटो : ???? ????
कीटनाशक पीने पर हुआ था भर्ती, जांच कराई तो निकला कोरोना
झांसी। तालपुरा का युवक मेडिकल कॉलेज में कीटनाशक पीने पर भर्ती हुआ था लेकिन जब उसका कोरोना वायरस की सैंपल रिपोर्ट आई तो डॉक्टर समेत पूरा स्टाफ भौचक्का रह गया। युवक भी पहले से कोरोना पॉजिटिव था। इसके अलावा समथर में जिस बुजुर्ग में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है, वो बीएएमएस डॉक्टर हैं और लगातार मरीज भी देख रहे थे।
झांसी में कोरोना वायरस के कई चौंकाने वाले मामले सामने आ रहे हैं। पहले गरौठा का एक व्यक्ति गोली लगने पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुआ था लेकिन जब उसकी कोरोना वायरस की जांच कराई गई तो वह भी पॉजिटिव मिला। वहीं, बृहस्पतिवार को तालपुरा के 23 वर्षीय युवक को कीटनाशक पीने पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया था। चूंकि, मेडिकल कॉलेज आने वाले सभी मरीजों की कोविड जांच अनिवार्य है। ऐसे में डॉक्टरों ने उसका इलाज करने के साथ ही कोरोना वायरस की जांच के लिए सैंपल भेजा। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में युवक भी कोरोना संक्रमित मिल गया। वहीं, समथर के नई बस्ती निवासी 70 वर्षीय बीएएमएस चिकित्सक में भी कोरोना वायरस मिला है। चार-पांच दिनों से उनकी तबीयत खराब थी। उनकी कोरोना वायरस की जांच हुई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। बताया गया कि वह लगातार मरीजों को भी अमरा स्थित अपनी क्लीनिक में देख रहे थे। संभावना जताई जा रही कि किसी मरीज से ही वह संक्रमित हो गए। बताया गया कि उनके कुछ परिजन वीरांगना नगर में भी रहते हैं।