झांसी। प्रेमनगर के नयापुरा मोहल्ले में मुमताज की हत्या का राज घर में ही छिपा हुआ है। घटना के समय परिजन सोते रहे और हत्यारा छत के रास्ते से कमरे में आकर घटना को अंजाम देकर उसी रास्ते से भाग निकला। परिजनों के जागने पर बीच वाले कमरे के बाहर लगी शटर भी खुली थी। यह तथ्य पुलिस की जांच में सामने आए है। पुलिस दिन भर घर के अंदर व छत पर ही जांच करती रही। पुलिस को कई सुराग भी हाथ लगे हैं। परिजनोें ने एक नामजद व एक अज्ञात युवक पर हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से चादर व अन्य सामान को कब्जे में लिया है।
मुमताज की हत्या पर कई सवाल खडे़ हो रहे हैं। मकान की पहली मंजिल में तीन कमरे, एक आंगन और दूसरी मंजिल पर एक आंगन व एक कमरा बना हुआ है। बीच वाले कमरे में मोहम्मद फैयाज सोते थे, जहां शटर हुआ लगा है और उससे सटे अंदर वाले कमरे में मुमताज व शैरीन सोती थी। ऊपर वाली मंजिल के कमरे में आशिक व उनकी पत्नी शबाना रहती हैं। रोज रात को मुख्य दरवाजे के साथ अंदर वाले शटर पर भी ताला लगा दिया जाता था। इसकी चाबी भी मुमताज के पास रहती थी। बृहस्पतिवार की रात को भी शटर पर ताला लगा दिया गया था, लेकिन सुबह सभी उठे तो शटर खुली हुई थीं। ऐसे में माना जा रहा है कि हत्या कर हत्यारा शटर से होता हुआ छत के रास्ते से भाग निकला।
शटर का खुला रहना और हत्या के समय परिजन की आंख न खुलना कई सवाल खड़े कर रहा है। मुमताज के पुत्र आशिक ने तरुण व एक अज्ञात पर हत्या की एफआइआर दर्ज कराई है। प्रेमनगर प्रभारी निरीक्षक आशीष मिश्रा ने बताया कि शक के आधार पर परिजनों ने तरुण पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस हर बिंदु पर गहराई से जांच कर रही है। जांच के बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
घर के इर्दगिर्द ही घूमती रही पुलिस की जांच
पुलिस की जांच घर के इर्दगिर्द ही घूमती रही। शटर का खुला रहना और वारदात के समय किसी भी परिजन की नींद न खुलना कई सवाल खड़े करती रही। पुलिस ने घंटों घर के कमरों से लेकर छत को खंगाला। आसपास के लोगों से भी घटना की जानकारी जुटाई गई।
खानदान में सबकी चहेती थीं मुमताज
परिजनों के मुताबिक मुमताज खानदान में सबकी चहेती थीं। बडे़ पुत्र सादिक का इंतकाल होने के बाद उनकी पुत्री शैरीन को मुमताज ने मां की तरह पाला। वह सभी का खूब ख्याल रखती थीं। अचानक हुई घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।