झांसी। प्रेमप्रसंग में प्रेमनगर क्षेत्र से अपह्त एक युवक को छुड़ाने के लिए शनिवार की रात पुलिस को पुलिया नंबर नौ के इलाहाबादी मुहल्ले में लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस ने युवक को तो छुड़ा लिया, लेकिन उसको अपह्त करने वाले आरोपी पकड़ में नहीं आ सके। घटना के कारण काफी समय तक मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही। पुलिस ने विरोध में शामिल कुछ लोगों को पकड़ लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
शनिवार की रात प्रेमनगर क्षेत्र के इमामबाड़ा मुहल्ले में रहने वाले एक युवक का प्रेम प्रसंग के चलते पुलिया नंबर नौ के कुछ युवकों ने अपहरण कर लिया। युवक को नगर निगम कार्यालय ले जाकर पीटा गया। सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट के निकट उसकी दोबारा पिटाई की गई। इसके बाद हमलावर युवक उसे लेकर पुलिया नंबर नौ चले गए। इधर, परिजनों की सूचना पर प्रेमनगर पुलिस पुलिया नंबर नौ पहुंच गई। पुलिस को देख हमलावर युवक मौके से भाग गए। इस दौरान पुलिस हमलावर युवकों के बारे में पूछताछ करने लगी तो स्थानीय लोगों ने घेर लिया। लोगों ने पुलिस का विरोध करना शुरू कर दिया। इससे हंगामे की स्थिति बन गई। इस बात का पता लगने पर सीपरी बाजार और नवाबाद थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस बल बढ़ता देख स्थानीय लोगों का विरोध ठंडा पड़ गया। बाद में पुलिस युवक को छुड़ाकर विरोध करने वाले कुछ लोगों को लेकर थाने आ गई। सीओ सदर हिमांशु गौरव भी थाने पहुंच गए। इस मामले में प्रेमनगर थाना प्रभारी निरीक्षक निगवेंद्र सिंह ने बताया कि युवक को ले जाने वाले आरोपी हाथ नहीं आ सके। उनकी तलाश की जा रही है। हमलावर आरोपियों से जुड़े कुछ लोगों को पकड़ा है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।