मऊरानीपुर। क्षेत्र के किसानों का खरीफ 2025 का फसल बीमा क्लेम तहसील स्तर पर सत्यापन न होने के कारण अटका हुआ है। अतिवृष्टि से फसलें तबाह होने के बावजूद उन्हें क्षतिपूर्ति नहीं मिली है।
ग्राम बम्हौरी निवासी हर्ष रावत ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा था। इस पर इफ्को-टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी ने उप कृषि निदेशक झांसी को स्थिति स्पष्ट की। कंपनी ने बताया कि ग्राम बम्हौरी चकबंदी गांव है। नियमानुसार चकबंदी वाले गांवों में शत-प्रतिशत सत्यापन के बाद ही पॉलिसी स्वीकृत होती है। फसल बीमा आवेदनों की सूची जनपद स्तर पर सौंपी जा चुकी है। इसका सत्यापन वर्तमान में तहसील स्तर पर लंबित है। सत्यापन रिपोर्ट मिलने पर क्षतिपूर्ति का आकलन और भुगतान किया जाएगा। उपजिलाधिकारी मनोज कुमार भारती ने पारदर्शी जांच कराकर किसानों की मदद का आश्वासन दिया है।