संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। बारिश आई और बिजली गुल...फिर नहीं उठते बिजली अफसरों के फोन। इस शिकायत की हकीकत जानने के लिए रविवार दोपहर 2:46 से 3:22 के बीच अमर उजाला ने बिजली निगम के सहायक अभियंता और अवर अभियंताओं को जब फोन किया तो अधिकांश ने फोन उठाने की जहमत नहीं की।
महानगर में इन दिनों बारिश का सिलसिला बदस्तूर जारी है। अब तक औसत से ज्यादा बारिश हो चुकी है, लेकिन उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान किए हैं। ऐसे में बिजली भी खूब सता रही है। स्थिति यह है कि तनिक बारिश हुई नहीं कि बिजली गुल। घंटों बिजली गायब रहने से उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। उपभोक्ताओं की शिकायत है कि समस्या के समाधान के लिए विद्युत निगम के अधिकारियों को फोन करते हैं, लेकिन अधिकारी है कि फोन ही नहीं उठाते। इस वजह से लोग परेशान होकर और मजबूरी में उपकेंद्र के चक्कर काट रहे हैं। इस शिकायत की हकीकत जानने के लिए 27 जून की दोपहर एक घंटे के बीच जब अमर उजाला की टीम ने उप खंड अधिकारी व जूनियर इंजीनियरों को जब फोन किया तो अधिकांश के मोबाइल पर कॉल रिसीव ही नहीं हुई। कुछ के नंबर नेटवर्क कवरेज एरिया से बाहर, तो कुछ के तो फोन उठे ही नहीं।
..........
रियलिटी चेक में शहर में 15 में 11 यह जेई से नहीं हो सकी बात
- 9450927235 जेई जेल चौराहा को फोन किया गया, लेकिन मोबाइल बंद मिला।
- 9450927233 जेई रानी महल का फोन रिसीव नहीं हुआ।
- 9453044076 उन्नाव गेट जेई का नहीं उठा फोन।
- 6394417935 जेई पुलिया नंबर-9 को फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
- 9450927231 जेई सूती मिल का फोन कॉल आउट ऑफ कवरेज एरिया मिला।
- 9453044073 जेई बिजौली का फोन कॉल नहीं उठा।
- 9450927234 जेई हंसारी का फोन कॉल रिसीव नहीं हुआ।
- 9415909535 जेई मेडिकल को फोन लगाया, लेकिन कॉल आउट ऑफ कवरेज एरिया मिला।
- 9415909538 जेई गल्ला मंडी का फोन कॉल बंद मिला।
- 9450927236 जेई नंदनपुरा का फोन कॉल रिसीव नहीं हुआ।
......
एसडीओ के फोन कॉल की यह रही स्थिति
- शहर में छह उप खंड अधिकारी है। इनके मोबाइल पर कॉल करके स्थिति चेक की गई, जिसमें 7839442016 एसडीओ मुन्नालाल का फोन उठा, पर बात नहीं हुई। 9415909534 एसडीओ सीपरी का फोन कॉल नेटवर्क कवरेज से बाहर मिला। 9453044074 एसडीओ मेडिकल का भी फोन नॉट रीचेबल मिला। वहीं दूसरी ओर एसडीओ जेल चौराहा, एसडीओ हंसारी व एसडीओ नंदनपुरा का फोन कॉल उठा और उन्होंने समस्या भी सुनीं।
.......
बारिश से एक घंटे बंद रही बिजली
- बारिश के कारण शनिवार रात को 132 केवी हंसारी व 220 दुनारा पावर हाउस से पूरे उपकेंद्र की बिजली ठप रही। बारिश कम होने के बाद आई खराबी में सुधार कराकर आपूर्ति सुचारू करा दी गई। दूसरी ओर, बीती रात ही उन्नाव गेट उपकेंद्र बिजलीघर की बिजली 4 घंटे ठप रही। शाम 7.18 बजे दो स्थानों पर इंसुलेटर बर्स्ट हुए और साथ ही बिजलीघर पर यार्ड में तकनीकी खामी आ गई। ऐसे में रात 12 बजे तक क्षेत्र की विद्युतापूर्ति बाधित रही।
Iबारिश के चलते बिजली व्यवस्था गड़बड़ा जाती है। सुधार कार्य कराकर आपूर्ति सुचारू की जाती है। लेकिन यदि जिम्मेदार अधिकारी फोन नहीं उठा रहे हैं तो यह मामला गंभीर है। इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
- चंद्रजीत प्रसाद, अधीक्षण अभियंता शहर, विद्युत वितरण मंडल.....I