जिला अस्पताल में तीन-चार दिनों से सीटी स्कैन मशीन खराब पड़ी हुई है। इससे मरीजों को निजी केंद्रों पर ज्यादा पैसे खर्च करके जांच करानी पड़ रही है। अस्पताल प्रशासन की तरफ से कंपनी को सूचना दे दी गई है, फिर भी मशीन ठीक नहीं की गई है।
जिला अस्पताल की पैथालॉजी बिल्डिंग में सीटी स्कैन कक्ष बना हुआ है। अस्पताल में 500 रुपये की पर्ची कटवाकर सीटी स्कैन की जांच कराई जाती है। जबकि, निजी केंद्र इसी जांच के लिए 1,500 से 2,000 रुपये मरीजों से वसूलते हैं। जिला अस्पताल में 28 जून से सीटी स्कैन मशीन खराब पड़ी है। जांच कराने आने वाले मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। मजबूरी में मरीजों को निजी केंद्रों पर जांच कराकर ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। सीएमएस डॉ. बीके गुप्ता का कहना है कि संबंधित कंपनी को मशीन ठीक करने की बाबत अवगत करा दिया गया है। इसके बावजूद कंपनी ने अपना टेक्नीशियन नहीं भेजा है। अब फिर से कंपनी से बात की जाएगी।