- आगामी तीन दिन और ऐसी ही चटक धूप खिली रहने के आसार
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शनिवार को दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो कि प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। वातावरण में गर्माहट बढ़ने से घरों में लोगों ने पंखा चलाना शुरू कर दिया। मौसम विभाग ने तीन दिन और ऐसी ही चटक धूप खिली रहने के आसार जताए हैं।
सुबह से ही आसमान साफ रहने से अच्छी धूप खिल गई थी। जैसे-जैसे दिन बढ़ता गया, वैसे-वैसे सूरज की तपिश में भी इजाफा होता रहा। दोपहर 12 बजे चटक धूप से लोगों को चुभन भी महसूस होने लगी। हालांकि, दिन ढलने के बाद फिर से हल्की ठंडक हो गई। चूंकि, बुंदेलखंड में ठंड का सीजन पूरी फरवरी तक माना जाता है, ऐसे में शुरुआती पखवाड़े में ही इतना अधिक तापमान हो जाने से लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। लोग इस बात की चर्चा भी करते दिखे कि फरवरी में गर्मी की ये स्थिति है तो मई-जून में क्या होगा।
कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह का कहना है कि 17 फरवरी तक दिन का पारा 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहेगा। 18 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ की आशंका के चलते मौसम में मामूली उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। उसके बाद स्थिति सामान्य होने के आसार हैं।