अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी को जल्द ही दूसरी बहुमंजिला कार पार्किंग की सौगात मिलने वाली है। अब नगर निगम की ओर से जिला अस्पताल में पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा। इससे नगरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
नगर के बीचों-बीच आबादी वाले हिस्से में जिला अस्पताल बना हुआ है। अस्पताल के पास ही मानिक चौक, बड़ाबाजार, सुभाषगंज समेत मुख्य बाजार भी हैं, जहां खरीदारी करने के लिए रोजाना काफी संख्या में लोगों का दिनभर आवागमन बना रहता है। अस्पताल परिसर के बाहर ही नगर निगम की ओर से पार्किंग का ठेका भी उठाया गया है। पार्किंग हर समय वाहनों से भरी रहती है। कई लोगों को जिला अस्पताल के आसपास या फिर किले की ढाल पर ही वाहन खड़े करने पड़ते हैं। मगर अब यहां पर बहुमंजिला कार पार्किंग की सौगात मिलने जा रही है। जिला अस्पताल परिसर में ही पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा। एसआईसी डॉ. पीके कटियार की ओर से इसको लेकर नगर निगम को पत्र भी लिखा जा चुका है। मेयर ने पार्किंग निर्माण के लिए हामी भर दी है।
इलाइट के पास है पहली बहुमंजिला पार्किंग
स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तहत इलाइट चौराहा के पास 25 करोड़ की लागत से पहली बहुमंजिला कार पार्किंग का निर्माण कराया गया है। यहां एक साथ 280 कारें खड़ी हो सकती हैं। हालांकि, यहां कार खड़ी करने में लोगों ने बहुत रुचि नहीं दिखाई। ऐसे में संचालन का ठेका लेने वाली लखनऊ की फर्म ने लाइसेंस सरेंडर कर दिया है। अब जल्द ही स्मार्ट सिटी की ओर से अनुबंध निरस्त कर दोबारा टेंडर निकाला जाएगा।
जिला अस्पताल में बहुमंजिला कार पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए स्थान भी चिह्नित कर लिया गया है। जल्द ही एस्टीमेट तैयार करके इसकी मंजूरी दी जाएगी। - बिहारी लाल आर्य, मेयर।