- 46 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा आगरा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी के लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। झांसी में न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहने से मंगलवार की रात सूबे में सबसे गर्म रही। वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस रहा और झांसी में प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। वहीं 46 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ आगरा प्रदेश में सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी सप्ताह में गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
झांसी में 25 मई से दो जून तक नौतपा में तापमान 49 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। लगातार चल रही भीषण लू से लोग बीमार होने लगे। साथ ही कई लोगों की मौत हो गई। नौतपा खत्म होने के बाद भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी है। मंगलवार रात को झांसी में न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं बुधवार को लोगों को दिन में धूप और गर्मी के तेवरों का सामना करना पड़ा। यहां अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस रहा। झांसी प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। वहीं 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ कानपुर प्रदेश का तीसरा और 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने से प्रयागराज प्रदेश का चौथा गर्म शहर रहा। कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक आदित्य सिंह ने बताया कि मौसम में बदलाव आएगा। आगामी सप्ताह में गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।