संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। खेल विभाग द्वारा मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में राज्य स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालक हाॅकी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। आजमगढ़, झांसी छात्रावास, मिर्जापुर, वाराणसी, स्पोर्ट कॉलेज लखनऊ व झांसी मंडल की टीमें विजयी हुईं।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन मुख्य अतिथि पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुबोध खांडेकर, विशिष्ट अतिथि इब्राहिम खान, हिकमत उल्ला खान व अकरम महमूद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। पहला मैच बरेली बनाम आजमगढ़ के मध्य संघर्षपूर्ण रहा। आजमगढ़ ने 2-0 गोल से जीत हासिल की। दूसरा मैच झांसी छात्रावास बनाम बांदा के बीच हुआ। झांसी छात्रावास के खिलाड़ी करन धानुक ने मैच के पांचवें मिनट में पहला गोल दाग कर शुरुआत की और सातवें मिनट में अखिलेश यादव ने दूसरा गोल किया। विवेक यादव ने तीन गोल, राहुल यादव व प्रहलाद पांडेय ने तीन-तीन गोल, राहुल पटेल और संदीप यादव ने एक-एक गोल किया। राजू रंजन ने पांच गोल किए, राघवेंद्र ने पांच गोल, विकास गुप्ता ने दो गोल कर बांदा को 25-00 से करारी शिकस्त दी। तीसरा मुकाबला अलीगढ़ और मिर्जापुर के मध्य खेला गया। मिर्जापुर 01-00 गोल से विजयी रही। चौथा मुकाबला प्रयागराज और वाराणसी के मध्य हुआ। वाराणसी ने प्रयागराज को मौका न देते हुए 02-00 गोल से जीत दर्ज की। पांचवां मैच स्पोर्ट कॉलेज लखनऊ और मेरठ के मध्य हुआ। स्पोर्ट कॉलेज लखनऊ 03-01 गोल से विजेता बनी। छठवां मैच झांसी और मुरादाबाद के मध्य खेला गया। झांसी मंडल की टीम के राज कुशवाहा व राघवेंद्र ने एक-एक गोल किया। दिव्यांश पथरौल व अब्दुल्ला ने एक-एक गोल कर 04-00 गोल से मुरादाबाद को हराया। इस दौरान क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर, राजेश सोनकर, सुनील कुमार, सुनीता तिवारी, आशा, जावेद अल्ताफ, गौतम दास आदि उपस्थित रहे।ौ