करीब 15 दिन पहले पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिसका पानी मुख्य सड़क पर भर गया है। स्कूल के बच्चे और राहगीर को निकलने में परेशानी हो रही है। लेकिन इसके बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा।
रक्सा पुनावली रोड पर जल निगम की पाइपलाइन टूटने से सड़क पर पानी भर गया है। एक मकान के निर्माण कार्य के दौरान यह पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई थी। पानी के सड़क पर जमा होने से स्कूली छात्रों और स्थानीय राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन
स्थानीय ग्रामीण विवेक राजपूत ने बताया कि यह पाइपलाइन पिछले 15 दिनों से टूटी हुई है। मरम्मत न होने के कारण लगातार पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे आवागमन में दिक्कतें आ रही हैं।
एक अन्य ग्रामीण सुरेश ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि पाइपलाइन टूटे हुए काफी समय हो गया है। सड़क पर पानी जमा होने से ग्रामीणों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है और उनके कपड़े भी गंदे हो रहे हैं। इस संबंध में जल निगम के अधिशासी अभियंता रन विजय सिंह ने बताया कि उन्हें इस समस्या की जानकारी नहीं थी। अब उन्हें सूचना मिली है और वे संबंधित कर्मचारियों को भेजकर जल्द ही पाइपलाइन की मरम्मत करवाएंगे।