मंगलवार सुबह बबीना यार्ड के पास भोपाल की ओर से आ रही केरल एक्सप्रेस की चपेट में आने से कीमैन भिंड निवासी अतुल (26) पुत्र राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रैक पर ट्रेन के आ जाने से वह संभाल नहीं सका। इस वजह से ट्रेन की चपेट में आने से उसकी जान चली गई। हादसे की खबर मिलने पर परिवार के लोग रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। बबीना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
भिंड (मप्र) के पुलावली, उमरी गांव निवासी अतुल बबीना स्टेशन पर बतौर कीमैन तैनात था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उसकी आठ माह पहले शादी हुई थी। उनकी पत्नी गर्भवती है। अगले महीने बच्चे का जन्म होने वाला है। परिवार के साथ अतुल बबीना में ही रहता था। मंगलवार सुबह शिफ्ट में उसकी ड्यूटी थी। रेल अफसरों ने बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे वह बबीना रेलवे स्टेशन के पास खंभा नंबर 1101/30 से 1101/34 के बीच काम कर रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वह अप लाइन में काम कर रहा था, तभी उस पर ट्रेन आ पहुंची। वह उतरकर डाउन लाइन पर खड़ा हो गया। उसी दौरान भोपाल की ओर से केरल एक्सप्रेस आ गई। अतुल को ट्रेन की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल हो जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर आरपीएफ समेत पुलिस बल पहुंच गया। बबीना थानाध्यक्ष विनय साहू के मुताबिक पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।