झांसी। स्मार्ट सिटी बनाने के लिए किसी व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि जन सहभागिता की जरूरत है। इसके लिए झांसी की जनता बढ़चढ़कर वोटिंग करें और सुझाव दें कि वह आने वाले समय में कैसी झांसी चाहती है। उसे किस प्रकार की सुविधाएं चाहिए और क्या सुधार होने चाहि। यह बात महापौर किरण राजू बुकसेलर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा कुल 98 शहरों को स्मार्ट सिटी योजना के तहत चयनित कर उनका चौतरफा विकास किया जाना है। पहले चरण में हम कुछ खामियों के चलते चूक गए, मगर दूसरे चरण में वह गलतियां नहीं करनी हैं।
दूसरे चरण की रिपोर्ट 30 जून 2016 तक प्रदेश सरकार तक पहुंचानी है, वहां से रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। प्रथम चरण में 20 शहर चुने गए थे, जबकि 13 शहर फास्ट ट्रैक के माध्यम से चयनित हो चुके हैं। अब जो प्रतिस्पर्धा बची है उसमें केवल 65 शहर ही बचे हैं।
प्रपोजल बनाने के लिए क्रिसिल कंपनी को साथ लिया गया है। पहले चरण में हमारी रैकिंग उप्र में 6 वीं थी, जो कि भारत में 82 वीं थीं। नगर आयुक्त अरुण प्रकाश ने पत्रकारों को स्मार्ट सिटी बनने पर मिलने वाली सुविधाओं और लाभ के बारे में बताया। इस मौके पर रोहन सिंह, अनूप सूद, राजू बुकसेलर आदि उपस्थित रहे।
कैंप लगाकर मांगे स्मार्ट सिटी को सुझाव
महानगर को स्मार्ट सिटी के दूसरे चरण में शामिल करवाने के लिए नगर निगम झांसी व महिला व्यापार मंडल द्वारा जन सहभागिता के लिए शनिवार को सीपरी बाजार के अत्रि चौराहे पर कैंप लगाया गया। इसमें लोगों से स्मार्ट सिटी जन सहभागिता फार्म भरवाए गए और उनसे सुझाव मांगे गए।
अत्रि चौराहे पर लगाए गए शिविर में मुख्य अतिथि किरण राजू बुकसेलर, विशिष्ट अतिथि नगर आयुक्त अरुण प्रकाश एवं उप्र व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय पटवारी, महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष शालिनी गुरुबख्शानी आदि उपस्थित रहीं। इस मौके पर महापौर व नगर आयुक्त ने स्मार्ट सिटी बनने पर होने वाले फायदों की
जानकारी उपस्थित लोगों को दी, साथ ही द्वितीय चरण में झांसी को चयनित कराने के लिए उनसे सुझाव व वोट मांगे। इस मौके पर कंचन आहूजा, शिवाली अग्रवाल, निशा दुबे, दीपा छाबड़ा, निर्मला दुबे, पंकज तलवार, ज्योति चौधरी, रश्मि बिलगैंया आदि उपस्थित रहीं।